खेरसा में 24 करोड़ से बन रहे मुख्यमंत्री मॉडल विद्यालय का डीएम ने लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
खेरसा में 24 करोड़ से बन रहे मुख्यमंत्री मॉडल विद्यालय का डीएम ने लिया जायजा


कानपुर, 03 जून (हि.स.)। बिधनू विकासखंड के ग्राम खेरसा में लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का बुधवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने दौरा कर निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने बताया कि विद्यालय में करीब 1500 छात्र-छात्राओं के अध्ययन की व्यवस्था की जा रही है। नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप यहां प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक की शिक्षा उपलब्ध होगी। विज्ञान, कला और वाणिज्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। विद्यालय में 30 कक्षाएं बनाई जा रही हैं, जिन्हें आधुनिक शिक्षण संसाधनों से सुसज्जित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि विद्यालय का निर्माण जी प्लस टू डिजाइन के अनुसार किया जा रहा है। प्रत्येक कक्षा में स्मार्ट क्लास, अत्याधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर लैब, डिजिटल लाइब्रेरी, खेल मैदान तथा कौशल विकास से जुड़े संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विद्यालय के पूरा होने पर ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं अपने क्षेत्र में ही मिल सकेंगी।

यूपीपीसीएल अधिकारियों के अनुसार परियोजना का लगभग 25 से 30 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। जिलाधिकारी ने निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता का निरीक्षण कर मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी हरिओम सिंह समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story