फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी ने प्राथमिक शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए शिक्षा अधिकारियों के कसे पेंच

WhatsApp Channel Join Now
फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी ने प्राथमिक शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए शिक्षा अधिकारियों के कसे पेंच


फर्रुखाबाद, 04 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद की जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने प्राथमिक शिक्षा को नींव बताते हुए उसे और बेहतर बनाने के लिए मंगलवार को शिक्षा अधिकारियों के पेंच कसे। जिलाधिकारी प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षण कार्य एवं विद्यालय प्रबंधन से संबंधित कार्यों में गुणात्मक प्रगति लाने के उद्देश्य से बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारियों के साथ आवश्यक समीक्षा बैठक में बोल रही थीं।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्राथमिक शिक्षा बच्चों के भविष्य की आधारशिला है, इसलिए विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, नियमित शैक्षणिक गतिविधियों तथा प्रभावी विद्यालय प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विद्यालय में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने, शिक्षण स्तर में निरंतर सुधार लाने तथा निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार समयबद्ध शिक्षण कार्य कराया जाए।

जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं खण्ड शिक्षा अधिकारियों को प्राथमिक विद्यालयों में स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण, पेयजल, शौचालय, विद्युत, मध्यान्ह भोजन, छात्र-छात्राओं के नामांकन एवं उपस्थिति सहित सभी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने खण्ड शिक्षा अधिकारियों से कहा कि वे विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करें तथा निरीक्षण के दौरान पाई जाने वाली कमियों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित कराएं।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि खण्ड शिक्षा अधिकारी कस्तूरबा गांधी विद्यालयों का निरीक्षण कर साप्ताहिक आख्या उपलब्ध कराएं, विद्यालयों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में शिकायत से संबंधित बिंदुओं की अन्य विद्यालयों में भी क्रॉस चेकिंग करा लें तथा प्रत्येक विद्यालय में मिड डे मील की गुणवत्ता के साथ यह भी सुनिश्चित कर लें कि विद्यालय में नवाचार आधारित शिक्षण गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाए। शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, उत्तरदायित्व एवं शैक्षणिक गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्कूलों में जल भराव की समस्याओं को संबंधित खंड विकास अधिकारी एवं ग्राम प्रधान के माध्यम से निस्तारित कराएं। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त प्राथमिक विद्यालयों की नियमानुसार मरम्मत कराएं तथा विद्यालयों के मरम्मत कार्य में तकनीकी समस्या होने पर संबंधित विद्यालय के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूर्ण करें। शिक्षा विभाग के सभी अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्राथमिक विद्यालयों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का उत्कृष्ट केंद्र बनाने के लिए निरंतर प्रयास करें, जिससे विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में और अधिक वृद्धि हो सके।

बैठक में बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित जनपद के समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story