जिलाधिकारी ने स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्र का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी ने स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्र का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा


जिलाधिकारी ने स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्र का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा


महोबा, 28 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद के जिलाधिकारी प्रभास कुमार ने सोमवार को विकास खंड कबरई के परिषदीय विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर धरातल पर व्यवस्थाओं को परखा है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, मिड-डे मील और मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया है।

जिलाधिकारी ने कबरई ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय पलका कंपोजिट, प्राथमिक विद्यालय पलका का औचक निरीक्षण किया। उन्हाेंने कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने बच्चों से किताबें पढ़वाईं और उनकी कापियां देखकर शैक्षिक प्रगति को परखा। मौके पर उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाए और पढ़ाई में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई और सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए।

इसके बाद डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्र पलका का निरीक्षण किया। केंद्र पर बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार, साफ-सफाई और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को मानकों के अनुरूप पोषण और प्रारंभिक शिक्षा की सुविधा हर हाल में मिले।

जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अनुश्रवण करें और जो कमियां मिलें, उन्हें प्राथमिकता पर दूर कराएं। इस दौरान एसडीएम सदर शिवध्यान पाण्डेय, बीएसए राहुल मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

Share this story