भ्रामक आख्या लगाने पर ईओ-परियोजना अधिकारी डूडा को नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
भ्रामक आख्या लगाने पर ईओ-परियोजना अधिकारी डूडा को नोटिस


देवरिया, 30 मई (हि.स.)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायत के संबंध में भ्रामक एवं विरोधाभासी आख्या लगाए जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी एवं परियोजना अधिकारी डूडा को शनिवार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जिलाधिकारी ने पांच दिनों के भीतर स्थलीय सत्यापन कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा गलत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के संबंध में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।

जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान अंबा रोड, वार्ड संख्या-24 हाइडिल कॉलोनी निवासी प्रियेश कुमार ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर अधूरे सड़क निर्माण कार्य के कारण सड़क पर नाली का गंदा पानी बहने और जलभराव की समस्या की शिकायत की। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों से क्षेत्रवासी इस समस्या से जूझ रहे हैं और इस संबंध में कई बार आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है।

शिकायतकर्ता का आरोप था कि संबंधित विभाग द्वारा अलग-अलग समय पर भिन्न-भिन्न और भ्रामक आख्या पोर्टल पर अपलोड की गई। कुछ रिपोर्टों में समस्या के निस्तारण का दावा किया गया, जबकि मौके पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। इसके अलावा रिपोर्ट में शिकायतकर्ता को संतुष्ट भी दर्शाया गया, जबकि वह निस्तारण से असंतुष्ट है।

मामले की जांच में प्रथम दृष्टया शिकायतकर्ता के आरोप सही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि तथ्यहीन और भ्रामक आख्या लगाना प्रशासनिक जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर लापरवाही का परिचायक है। इससे शिकायतों के समाधान में देरी होती है और आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए पूछा है कि गलत एवं भ्रामक आख्या प्रस्तुत करने के लिए उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए। साथ ही उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को चेतावनी दी कि आईजीआरएस शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, भ्रामक रिपोर्टिंग या तथ्य छिपाने के प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जनता की शिकायतों का समयबद्ध एवं पारदर्शी समाधान हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story