कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा में जिलाधिकारी का किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा में जिलाधिकारी का किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर


देवरिया, 04 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में शनिवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कृषि, भूमि संरक्षण, उद्यान एवं कृषि से जुड़े संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि कृषि एवं संबद्ध विभाग सीधे किसानों की आजीविका और आय से जुड़े हैं। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने विभागों को अपने लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने और अधिक से अधिक किसानों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।

बैठक में भूमि संरक्षण विभाग को तालाबों के माध्यम से जल संरक्षण को बढ़ावा देने, आकांक्षात्मक विकास खंडों में संबंधित परियोजनाएं तैयार करने तथा प्रत्येक विकास खंड में एक चेक डैम बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही विभाग की योजनाओं का लाभ किसानों तक अनिवार्य रूप से पहुंचाने पर जोर दिया गया।

मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने मत्स्य संपदा योजना के तहत मछुआरों को नाव एवं अनुमन्य उपकरण उपलब्ध कराने के लिए प्राथमिकता से कार्य करने और अधिक से अधिक मांग प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि जिले में मत्स्य पालन को बढ़ावा मिल सके।

उन्होंने फार्मर आईडी और फैमिली आईडी का कार्य राजस्व, विकास एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम बनाकर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि फसल बीमा योजना का लाभ सभी पात्र किसानों तक पहुंचे।

जिलाधिकारी ने कृषि एवं संबद्ध विभागों को योजनाओं से लाभान्वित किसानों की सफलता की कहानियां तैयार कर उनका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि अन्य किसान भी प्रेरित होकर आधुनिक कृषि एवं सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।

मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने अधिकारियों से किसानों की आय बढ़ाने के लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने तथा नवाचार आधारित कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

बैठक में उप निदेशक कृषि सुभाष मौर्य, जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह, भूमि संरक्षण अधिकारी, मत्स्य अधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी अतुल कुमार पांडेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story