जिलाधिकारी ने किसानाें से किया संवाद, लेखपालाें काे फार्मर रजिस्ट्री अभियान में तेजी लाने का निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी ने किसानाें से किया संवाद, लेखपालाें काे फार्मर रजिस्ट्री अभियान में तेजी लाने का निर्देश


औरैया, 05 फरवरी (हि. स.)। शासन की मंशानुरूप किसानों को सरकारी योजनाओं, सब्सिडी एवं विभिन्न लाभ एकीकृत रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद में फार्मर रजिस्ट्री अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने ग्राम पंचायत बरकापुर, साहसपुर, राजपुर, ऐरवा टिकटा के मजरा लालपुर, ग्राम पंचायत सचिवालय ऐरवा टिकटा एवं ग्राम पंचायत कुदरकोट का भ्रमण कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लेखपालों को निर्देश दिए कि जिन किसानों के आधार कार्ड व खतौनी विवरण में त्रुटि है, उनकी अलग-अलग सूची बनाकर शीघ्र संशोधन कराते हुए पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अपात्र किसानों की पहचान कर सत्यापन पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। किसानों से संवाद करते हुए उन्होंने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री से फसली ऋण, फसल बीमा, आपदा राहत, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बिक्री तथा पीएम किसान योजना का लाभ आसानी से मिलेगा। पंजीकरण के लिए आधार कार्ड, खतौनी व आधार से लिंक मोबाइल नंबर अनिवार्य बताया गया।

बरकापुर में निर्माणाधीन मिनी सचिवालय में मानकहीन निर्माण पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए पुनर्निर्माण के निर्देश दिए। तालाब पर अतिक्रमण की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए। ऐरवा टिकटा के मजरा लालपुर में सफाई व्यवस्था व टूटी सड़क की शिकायत पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर तहसील व पंचायत स्तर के अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं किसान उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story