कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए: डॉ. अंकुर लाठर

WhatsApp Channel Join Now
कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए: डॉ. अंकुर लाठर


फर्रुखाबाद, 29 नवंबर ( हि.स.)। मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय होगी। कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए बूथ लेबिल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर पहुंचकर सर्वे करें और विशेष रूप से 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का पंजीकरण प्राथमिकता से कराएं। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने रविवार को बद्री विशाल स्नातकोत्तर कॉलेज स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति परखी और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।

फोटोयुक्त विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की जमीनी स्थिति जानने पहुंचीं जिलाधिकारी ने बूथ पर मौजूद बीएलओ से अब तक किए गए कार्यों का ब्योरा लिया। उन्होंने फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 के वितरण, प्राप्ति तथा उनके डिजिटाइजेशन की स्थिति की बिंदुवार समीक्षा की। कितने फार्म वितरित हुए, कितने वापस प्राप्त हुए और कितने आवेदनों को ऑनलाइन दर्ज किया गया है, इसकी जानकारी ली।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन की स्थिति का नियमित ब्योरा रखा जाए और डिजिटाइजेशन में किसी प्रकार की देरी न हो।

पात्र युवाओं को चिह्नित कर कराएं पंजीकरण

जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में नए पात्र मतदाताओं के नाम शामिल कराना अभियान की प्राथमिकता है। इसके लिए बीएलओ अपने निर्धारित क्षेत्रों में घर-घर जाकर सर्वे करें।

डीएम ने फार्म-6, 7 और 8 के डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राप्त आवेदनों को तत्काल ऑनलाइन दर्ज कराकर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बीएलओ अपने बूथ की प्रगति पर नजर रखें और सुपरवाइजर नियमित रूप से इसकी समीक्षा करें। आवेदन प्राप्त होने से लेकर उसके निस्तारण तक पूरी प्रक्रिया की निगरानी होनी चाहिए, जिससे कोई आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रहे।

उन्होंने दोहराया कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी गंभीरता से अपने दायित्व निभाएं।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार न्यायिक सदर रंजीत सिंह सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785351 Articles

Share this story