कावड़यात्रा सकुशल सम्पन्न कराने के लिए डीएम ने पांचाल घाट पर देखी व्यवस्था

WhatsApp Channel Join Now
कावड़यात्रा सकुशल सम्पन्न कराने के लिए डीएम ने पांचाल घाट पर देखी व्यवस्था


फर्रुखाबाद, 01 अगस्त (हि. स.)। श्रावण मास में आयोजित कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने गंगा नदी के पांचाल घाट पर जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घाटों पर सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सुविधा, कंट्रोल रूम, गोताखोरों एवं जल पुलिस की तैनाती सहित श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये किए गए सभी प्रबंधों का गहन जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा सभी व्यवस्थाएं सतत रूप से संचालित रहें।

जिलाधिकारी ने घाटों पर साफ-सफाई की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने, पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती, पेयजल की उपलब्धता तथा विद्युत व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल एवं गोताखोरों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए, साथ ही आपदा की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभाग पूरी तरह सतर्क एवं तैयार रहें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए निर्धारित डायवर्जन योजना का प्रभावी ढंग से पालन कराया जाए तथा श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराई जाए। चिकित्सा टीम, एंबुलेंस एवं अग्निशमन विभाग को भी पूर्ण सतर्कता के साथ तैनात रखने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, खण्ड विकास अधिकारी बढ़पुर डॉ0 फरहाना खान, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विनोद कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश चंद्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story