वृद्धजनों काे किसी भी प्रकार की समस्या न हाेने पाए : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
वृद्धजनों काे किसी भी प्रकार की समस्या न हाेने पाए : जिलाधिकारी


हाथरस, 28 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल साेमवार काे मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित के साथ आगरा रोड स्थित नगला भुस के निकट आवासीय वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया।इस दाैरान दाेनाें अधिकारियाें ने वृद्धजनों से आत्मीय संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना और फल एवं तुलसी की माला वितरित की।

जिलाधिकारी ने वृद्धाश्रम के शयनकक्ष सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वृद्धजनों से उनके मूल निवास स्थान, आश्रम में रहने की अवधि तथा भोजन, आवास, स्वास्थ्य और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। वृद्धजनों ने बताया कि उन्हें नियमित रूप से भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं मिल रही हैं तथा किसी विशेष समस्या का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि यह वृद्धाश्रम अशर्फी ग्रामोद्योग संस्थान, छर्रा, अलीगढ़ की ओर से संचालित है। इसमें वर्तमान समय में 68 वृद्धजन निवास करते हैं, जिनमें 36 पुरुष और 32 महिलाएं शामिल हैं। निर्धारित मेन्यू के अनुसार, प्रतिदिन भोजन उपलब्ध कराया जाता है। आश्रम का संचालन संस्था द्वारा किया जा रहा है, जबकि जिला समाज कल्याण विभाग नियमानुसार अनुदान करता है। व्यवस्थाओं के लिए 14 कर्मचारी तैनात हैं। वृद्धाश्रम में वाटर कूलर, वॉशिंग मशीन, जनरेटर, इन्वर्टर, कूलर और गीजर समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वृद्धजनों की जरूरतों का विशेष ध्यान रखा जाए और साफ-सफाई, भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं सहित सभी मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

---------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story