जिलाधिकारी ने बाढ़ सुरक्षा और अन्नपूर्णा भवन कार्यों का निरीक्षण किया, गुणवत्ता में कमी पर ठेकेदार को नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी ने बाढ़ सुरक्षा और अन्नपूर्णा भवन कार्यों का निरीक्षण किया, गुणवत्ता में कमी पर ठेकेदार को नोटिस


बाराबंकी, 02 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने शनिवार को जनपद में चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों और निर्माणाधीन अन्नपूर्णा भवनों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सभी बाढ़ सुरक्षा कार्यों को हर हाल में 15 जून तक पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत तहसील रामनगर के ग्राम पंचायत मढ़ना में बन रहे अन्नपूर्णा भवन से हुई। यहां निर्माण की गुणवत्ता संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने के आदेश दिए। उन्होंने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिया कि छत ढलाई के दिन जेई मौके पर मौजूद रहकर गुणवत्ता सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ सुरक्षा से जुड़े सभी काम 15 जून तक पूरे किए जाएं। इसके लिए मौके पर श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर काम में तेजी लाई जाए ताकि समय सीमा का शत-प्रतिशत पालन हो। इसके बाद जिलाधिकारी ने चौकाघाट मार्ग पर लोक निर्माण विभाग की ओर से बनाए जा रहे सेतु का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को परखा और अधिकारियों को तय मानकों के अनुसार काम जल्दी पूरा करने को कहा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी तरह की लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम रामनगर आनंद तिवारी, डीएसओ समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story