मुरादाबाद : विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत जिलाधिकारी ने बूथों का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद : विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत जिलाधिकारी ने बूथों का किया निरीक्षण


- जिलाधिकारी अनुनय झा ने युवा मतदाताओं से फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील की

मुरादाबाद, 22 नवंबर (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत रविवार को विशेष अभियान दिवस पर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अनुनय झा ने विधानसभा क्षेत्र मुरादाबाद नगर के अंतर्गत संयुक्त आयुक्त उद्योग कार्यालय परिसर में स्थापित मतदान केंद्र का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने तथा संशोधन के लिए प्राप्त किए जा रहे फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 के संबंध में जानकारी ली। जिलाधिकारी अनुनय झा ने निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी पात्र नागरिकों से निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्राप्त किए जाएं तथा किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा मतदाताओं से फार्म-6 प्राथमिकता के आधार पर प्राप्त करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र युवा पहली बार मतदाता के रूप में अपना नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज कराकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय चुनाव आयोग के निर्देशानुसार जबभी निर्धारित मतदान केंद्रों पर बीएलओ उपस्थित हो तो पात्र नागरिकों से अपील है कि वे अपने निकटतम मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचें तथा आवश्यकता के अनुसार निर्धारित फार्म भरकर जमा करें।

इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय ठाकुरद्वारा प्रथम एवं सनातन धर्म हिन्दू इंटर कॉलेज, ठाकुरद्वारा स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ की उपस्थिति, प्राप्त किए जा रहे फार्म तथा विशेष अभियान दिवस के दौरान आयोग के निर्देशों के अनुपालन की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त जनपद के सभी उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों द्वारा भी विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781322 Articles

Share this story