जिलाधिकारी ने नगर पंचायत कार्यालय के निर्माण में विलंब पर जताई नाराजगी, सितंबर तक काम पूरा कराने के दिये निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी ने नगर पंचायत कार्यालय के निर्माण में विलंब पर जताई नाराजगी, सितंबर तक काम पूरा कराने के दिये निर्देश


देवरिया, 14 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को निर्माणाधीन नगर पंचायत कार्यालय बरियारपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य में विलंब मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था और ठेकेदार को सितंबर माह के अंत तक हर हाल में निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित के विरुद्ध विधिक कार्रवाई के साथ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने निर्माण कार्य को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा कराने के भी निर्देश दिए। बताया गया कि करीब 2 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से नगर पंचायत कार्यालय का निर्माण कराया जा रहा है। परियोजना का शुभारंभ जून 2025 में हुआ था और इसे जून 2026 तक पूरा किया जाना निर्धारित था। निर्धारित समय सीमा बीतने के करीब चार माह बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने तथा शेष कार्य को तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही ठेकेदार और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था सीएमडीएस, डीएसटीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

----

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story