जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का किया निरीक्षण


बागपत, 30 सितंबर (हि.स.)। जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्यांशु पटेल ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रक्रियाएं भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही संचालित हों और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेयरहाउस में रखी ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की स्थिति, उनके रखरखाव और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मशीनों के स्टॉक, अभिलेखों और उनके अपडेट की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिए कि सभी रिकॉर्ड पूरी तरह अपडेट और व्यवस्थित रखे जाएं, ताकि किसी भी समय जांच में कोई कमी सामने न आए।

डीएम ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सख्ती दिखाई। उन्होंने सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, प्रवेश-निकास प्रणाली और लॉकिंग-सीलिंग व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ईवीएम और वीवीपैट अत्यंत संवेदनशील निर्वाचन सामग्री हैं, इसलिए इनकी सुरक्षा में निर्धारित प्रोटोकॉल का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी अनधिकृत व्यक्ति की पहुंच पूरी तरह प्रतिबंधित रहे।

इसके अलावा उन्होंने साफ-सफाई, विद्युत सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और अग्निशमन उपायों को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। मशीनों की आवाजाही केवल निर्धारित अनुमति और प्रक्रिया के तहत ही सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही वेयरहाउस खोलने-बंद करने की प्रक्रिया और लॉगबुक को नियमित रूप से अपडेट रखने को कहा गया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व राजीव कुमार राय, अपर जिलाधिकारी न्यायिक देवेन्द्र कुमार पाण्डेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

----------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Share this story