जिलाधिकारी ने सीएचसी तरकुलवा का किया निरीक्षण, कई कर्मचारी मिले गैरहाजिर

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी ने सीएचसी तरकुलवा का किया निरीक्षण, कई कर्मचारी मिले गैरहाजिर


जिलाधिकारी ने सीएचसी तरकुलवा का किया निरीक्षण, कई कर्मचारी मिले गैरहाजिर


देवरिया, 24 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तरकुलवा का औचक निरीक्षण किया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित मिले, जबकि कुछ कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता को निर्देश दिया कि अनुपस्थित कर्मियों को चेतावनी दी जाए तथा समय से अस्पताल में उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जांच के लिए आई एक गर्भवती महिला का मातृ-शिशु कार्ड देखा और उनके शुगर तथा ब्लड टेस्ट की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित आशा कार्यकर्ता को निर्देशित किया कि जांच से संबंधित सभी आंकड़े मातृ-शिशु कार्ड में अनिवार्य रूप से दर्ज किए जाएं, ताकि गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य निगरानी प्रभावी ढंग से हो सके।

जिलाधिकारी ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया कि आशा, आंगनबाड़ी और एएनएम की त्रिस्तरीय टीम को ग्राम स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पोषण समिति की बैठकों में सक्रिय रखा जाए। साथ ही सीएचओ, एचईओ और एआरओ को क्षेत्र भ्रमण तथा विभिन्न स्वास्थ्य सत्रों में नियमित भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि ड्यू लिस्ट का नियमित सत्यापन किया जाए तथा गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों का निर्धारित रोस्टर के अनुसार समय पर टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। मातृ-शिशु कार्ड का शत-प्रतिशत अद्यतन भी किया जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी, प्रसव केंद्र, पंजीकरण कक्ष, दवा वितरण केंद्र एवं अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थिति पंजिका का भी अवलोकन किया तथा मरीजों को बेहतर उपचार, समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं और अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की उत्कृष्ट व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story