जिलाधिकारी ने जनगणना के प्रथम चरण के चल रहे प्रशिक्षण का निरीक्षण कर दिये निर्देश
प्रयागराज, 21 अप्रैल (हि.स)। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा तथा नगर आयुक्त सीलम सांई तेजा ने मंगलवार को महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर विद्यालय में पहुंचकर वहां चल रहे जनगणना 2027 के प्रथम चरण के कार्मिंकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कार्मिंको को पूरी तनमयता एवं सावधानी के साथ जनगणना से सम्बंधित बिंदुओं के बारे में अच्छे ढंग से प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए कहा।
जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण दे रहे प्रशिक्षकों से कहा कि यदि कहीं भी किसी विषय पर संदेह हो, तो उसके बारे में मास्टर ट्रेनर से सहयोग प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कार्मिंको से कहा कि यह बहुत ही महत्वपूर्ण तथा देश सेवा तथा समाज सेवा से सम्बंधित कार्य है, इस कार्य को बहुत सावधानी व तनमयता के साथ किए जाने की आवश्यकता है। यह तभी सम्भव है जब आप सभी लोग जनगणना के नियमों एवं प्रावधानों के बारे में अच्छे से प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
उन्होंने कहा कि आम लोगों के लिए स्वगणना की भी सुविधा इस बार प्रदान की गई है। 07 मई से 21 मई के दौरान ‘se.census.gov.in’ पर जाकर आम आदमी अपने परिवार की स्व गणना कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रगणक एवं पर्यवेक्षक के रूप में जो भी दायित्व सौंपे गये हैं, उनको पूरी जिम्मेदारी के साथ समयबद्ध ढंग से सम्पादित किए जाने की आवश्कयता है।
उल्लेखनीय है कि, जनगणना के प्रथम चरण में मकानों तथा परिवारों के चिन्हीकरण का कार्य किया जाना है। इस अवसर पर जनगणना राजीव कुमार शुक्ला, अपर नगर आयुक्त नगर निगम प्रयागराज, जनगणना कार्य निदेशालय लखनऊ से अजय कुमार, उप निदेशक एवं जे0के0 श्रीवास्तव सहायक निदेशक व प्रशिक्षकों के अलावा अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

