जनता दर्शन में जिलाधिकारी की पहल रंग लाई, आपसी समझौते से सुलझा लकड़ी विवाद

WhatsApp Channel Join Now
जनता दर्शन में जिलाधिकारी की पहल रंग लाई, आपसी समझौते से सुलझा लकड़ी विवाद


देवरिया, 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की पहल पर जनता दर्शन में पहुंचे एक फरियादी की समस्या का समाधान बुधवार को ही हो गया। वन विभाग की मध्यस्थता से दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता कराया गया, जिससे लंबे समय से चला आ रहा विवाद समाप्त हो गया।

सदर कोतवाली क्षेत्र के दानोपुर निवासी विजय सिंह ने जनता दर्शन में जिलाधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके निजी सागौन के पेड़ बरसात के दौरान गिर गए थे। उन्होंने लकड़ी चिरवाने के लिए उसे आईटीआई के निकट स्थित एक आरा मशीन पर रखवा दिया था। घरेलू परिस्थितियों के कारण समय पर लकड़ी नहीं चिरवा सके। बाद में जब उन्होंने अपनी लकड़ी वापस मांगी तो आरा मशीन संचालक ने उसे लौटाने में टालमटोल की जा रही थी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने तत्काल प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) को प्रकरण का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देश पर वन विभाग ने दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत कराई और आपसी सहमति से विवाद का समाधान कराया।

समझौते के तहत आरा मशीन संचालक ने विजय सिंह को आर्थिक क्षतिपूर्ति प्रदान की, जिस पर दोनों पक्ष सहमत हो गए। इसके बाद दोनों ने लिखित समझौता पत्र वन विभाग को सौंप दिया।

जिलाधिकारी की त्वरित पहल से फरियादी की समस्या उसी दिन सुलझ गई।

समाधान होने पर विजय सिंह ने संतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी एवं वन विभाग का आभार जताया। प्रशासन ने कहा कि जनता दर्शन का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story