जिलाधिकारी ने एसपी के साथ संजय सेतु मरम्मत कार्य एवं पीपा पुल व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी ने एसपी के साथ संजय सेतु मरम्मत कार्य एवं पीपा पुल व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण


बाराबंकी, 25 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने शनिवार को सरयू नदी पर स्थित संजय सेतु के मरम्मत कार्य के दृष्टिगत वैकल्पिक आवागमन के लिए बनाए गए पीपा पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा सुरक्षा, यातायात नियंत्रण एवं आमजन की सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पीपा पुल पर आवागमन व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पुलिस ड्यूटी प्वाइंट, यातायात नियंत्रण, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने पुल पर तैनात अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि पीपा पुल की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी भी प्रकार की लापरवाही की संभावना न रहे।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि एक ओर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध है, जबकि दूसरी ओर अतिरिक्त रोशनी की आवश्यकता है। इस पर उन्होंने तत्काल अतिरिक्त लाइटें लगाए जाने के निर्देश दिए, ताकि शाम एवं रात्रि के समय आवागमन सुरक्षित एवं सुगम बना रहे।

डीएम एवं एसपी ने बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए पुल पर यातायात संचालन को सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को वाहनों की गति नियंत्रण, सुचारु आवागमन तथा अनावश्यक जाम की स्थिति न बनने देने के लिए प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा। पुल पर सुरक्षा की दृष्टि से वाहनों की गति सीमा नियंत्रित रखने तथा नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश भी दिए गए।

पुल पर धूल की समस्या को देखते हुए नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए, ताकि राहगीरों एवं वाहन चालकों को राहत मिल सके। साथ ही पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती, ड्यूटी प्वाइंट्स की सक्रियता तथा 24 घंटे निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि संजय सेतु मरम्मत कार्य के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें और सुरक्षा व सुविधा के मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी रामनगर, तहसीलदार तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story