बाहर की दवा लिखने पर ऑप्टोमेट्रिस्ट निलंबित,शौचालय गंदे मिलने पर नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
बाहर की दवा लिखने पर ऑप्टोमेट्रिस्ट निलंबित,शौचालय गंदे मिलने पर नोटिस


बाहर की दवा लिखने पर ऑप्टोमेट्रिस्ट निलंबित,शौचालय गंदे मिलने पर नोटिस


जिला अस्पताल में जिलाधिकारी का औचक निरीक्षण

झांसी, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में जिलाधिकारी गौरांग राठी ने सोमवार दोपहर जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया, जिससे अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। दोपहर करीब दो बजे पहुंचे जिलाधिकारी ने ओपीडी, इंटीग्रेटेड पैथोलॉजी और सीटी स्कैन कक्ष का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान नेत्र रोग विभाग में मरीजों ने बाहर की दवाएं लिखे जाने की शिकायत की। जांच में पर्ची ऑप्टोमेट्रिस्ट द्वारा लिखा जाना सामने आने पर डीएम ने संबंधित कर्मी के निलंबन के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी मरीज को बाहर से दवा लिखना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ओपीडी भवन के प्रथम तल पर महिला शौचालय में गंदगी और पुरुष शौचालय बंद मिलने पर डीएम ने सेवा प्रदाता एजेंसी को नोटिस जारी करने के निर्देश देते हुए नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही मरीजों व तीमारदारों के लिए बैठने और छाया की समुचित व्यवस्था करने को कहा। निरीक्षण के दौरान डीएम ने मरीजों और तीमारदारों से सीधे संवाद कर इलाज और सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकांश मरीजों ने जांच में अतिरिक्त शुल्क न लिए जाने की पुष्टि की, जिससे कुछ व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।

अस्पताल परिसर में पार्किंग समस्या सामने आने पर नगर निगम को रोड साइड पार्किंग की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष सोनी, मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य चिकित्साधीक्षक सहित बड़ी संख्या में अन्य चिकित्सक व तीमारदार उपस्थित रहे।

सीटी स्कैन रिपोर्ट में देरी पर सख्ती

डीएम ने इंटीग्रेटेड पैथोलॉजी और सीटी स्कैन कक्ष का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि रिपोर्ट एक घंटे में तैयार हो जाती है, फिर भी मरीजों को अगले दिन बुलाया जा रहा है। इस पर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिया कि रिपोर्ट उसी दिन मरीज को उपलब्ध कराई जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story