जिलाधिकारी ने बीज वितरण प्रक्रिया की रैंडम जांच के लिए संयुक्त जांच टीम की गठित

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी ने बीज वितरण प्रक्रिया की रैंडम जांच के लिए संयुक्त जांच टीम की गठित


महोबा, 28 जुलाई (हि.स.)।यूपी के महोबा में मंगलवार को जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में कृषि विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों को समय पर बीज सुगमता से उपलब्ध कराने की व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से उपजिलाधिकारी को पूरे मामले की जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

मंगलवार को डीएम गजल भारद्वाज द्वारा जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कृषि विभाग की समीक्षा बैठक में जिले में कृषि व्यवस्था, बीज वितरण प्रणाली और एफपीओ के संचालन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में डीएम ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि किसानों को समय पर बीज सुगमता से मिल सके। व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से उपजिलाधिकारी द्वारा पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।

इस दौरान जिलाधिकारी ने अनियमितताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निर्देशित किया कि एफपीओ मानक गाइडलाइन, सोसाइटी एक्ट एवं कंपनी एक्ट 1956 के अनुसार ही रसीदें सीए के माध्यम से काटी जानी चाहिए। इसके अतिरिक्त एफपीओ की कार्यप्रणाली में सुधार लाने के लिए नियमित मासिक बैठकों को आयोजित कराने एवं बीज वितरण प्रक्रिया की रैंडम जांच हेतु संयुक्त जॉच दल गठित करते हुए संकलित जॉच आख्या उपलब्ध कराने के भी निर्देश कृषि विभाग को दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

Share this story