निर्माण कार्य गुणवत्ता और समयबध्द तरीके से पूर्ण करें कार्यदायी संस्थाएं : डीएम

WhatsApp Channel Join Now
निर्माण कार्य गुणवत्ता और समयबध्द तरीके से पूर्ण करें कार्यदायी संस्थाएं : डीएम


फर्रुखाबाद ,24 जुलाई (हि. स.)। जनपद में 50 लाख एवं उससे अधिक लागत के निर्माणकार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक शुक्रवार काे कलेक्ट्रेट सभागार में समपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य गुणवत्ता एवं समयबद्ध तरीके से सम्पन्न कराने के निर्देश अफसराें काे दिए।

बैठक में विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं द्वारा संचालित परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता, वित्तीय एवं भौतिक उपलब्धियों तथा कार्य पूर्ण होने की समय-सीमा की विभागवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराए जाएं। जनहित से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा, जिन परियोजनाओं की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई, उनके संबंध में संबंधित अधिकारियों से कारण पूछते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यदाई संस्थाओं के प्रतिनिधि संबंधित निर्माण कार्यों के फोटोग्राफ गूगल लोकेशन के साथ ही उपलब्ध कराएं। अधिशाषी अभियंता जल निगम यह सुनिश्चित कर लें कि किसी भी स्थान पर पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत पूर्ण रहे, शिकायत पर संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद जनपद में गैर नक्शा पास एवं अवैध रूप से निर्मित भवनों पर प्रवर्तन की कार्यवाही पूर्ण करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story