सम्भावित बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड़ पर,डीएम ने किया अलदादपुर भटौली का दौरा

WhatsApp Channel Join Now
सम्भावित बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड़ पर,डीएम ने किया अलदादपुर भटौली का दौरा


फर्रुखाबाद, 08 जुलाई (हि.स.)।जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बुधवार को अहलादपुर भटौली क्षेत्र का दौरा कर बाढ़ संबंधी तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सिंचाई विभाग द्वारा कराए जा रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से बाढ़ सुरक्षा तैयारियों, गंगा नदी के जलस्तर तथा संवेदनशील क्षेत्रों में किए जा रहे बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बताया कि गंगा नदी का खतरे का निशान 137.10 सेंटीमीटर निर्धारित है, जबकि वर्तमान में गंगा का जलस्तर 134 सेंटीमीटर दर्ज किया गया है। विभाग ने जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और बाढ़ से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से भी बातचीत कर संभावित बाढ़ से उनके आवास, कृषि भूमि, फसलों एवं पशुधन पर पड़ने वाले प्रभाव की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जाएं।

निरीक्षण के उपरांत मीडिया से बातचीत में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बताया कि जनपद में बाढ़ से संबंधित सभी तैयारियां शासन-प्रशासन द्वारा पूर्ण कर ली गई हैं। बाढ़ प्रभावित होने वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है तथा सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत सामग्री, बचाव दल एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की समुचित व्यवस्था कर ली गई है, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी रविन्द्र सिंह, सिंचाई विभाग के जूनियर इंजीनियर अंकित कुमार, थाना अमृतपुर के उपनिरीक्षक कल्लू सिंह सहित सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story