डीएम के औचक निरीक्षण में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी अनुपस्थित, वेतन रोकने के निर्देश
जौनपुर,14 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर के जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने गुरुवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) मुफ्तीगंज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. पटेल अनुपस्थित मिले, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए उनका वेतन अगले आदेश तक रोकने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय मौजूद मेडिकल ऑफिसर डॉ. कमलेश कुमार ने जिलाधिकारी को बताया कि प्रभारी चिकित्सा अधिकारी जिला मुख्यालय पर आयोजित बैठक में गए हैं। हालांकि, जब जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से इसकी पुष्टि कराई तो पता चला कि जिला मुख्यालय पर ऐसी कोई बैठक आयोजित ही नहीं की गई थी।
गलत जानकारी सामने आने पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया कि डॉ. एस.के. पटेल का वेतन तत्काल प्रभाव से बाधित किया जाए तथा डॉ. कमलेश कुमार से भ्रामक सूचना देने के संबंध में स्पष्टीकरण लिया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया और अधिकारियों को नियमित स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों को समय पर भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।डीएम ने टीबी मरीजों से बातचीत कर दवा वितरण एवं उपचार की जानकारी भी ली। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल के सभी वार्डों और परिसर को स्वच्छ रखा जाए तथा मरीजों को बेहतर और प्रभावी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

