जनता दर्शन में असहाय महिला को डीएम ने दिलाई सरकारी योजनाओं की सौगात

WhatsApp Channel Join Now
जनता दर्शन में असहाय महिला को डीएम ने दिलाई सरकारी योजनाओं की सौगात


देवरिया, 15 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी मधूसूदन हुल्गी जनता दर्शन में आए फरियादियों की समस्याओं को सुनने के पश्चात त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरणों का समाधान एवं अनुरोधानुसार वास्तविक लाभ पहुंचाने की गंभीरतापूर्वक बुधवार को पहल कर रहे हैं।

इसी क्रम में आज जिलाधिकारी के समक्ष भाटपाररानी तहसील अंतर्गत बेलपार पंडित निवासी सोनी देवी अपनी पुत्री के साथ फरियाद लेकर पहुंचीं।

उन्होंने जिलाधिकारी को बताया कि वह अत्यंत गरीब एवं असहाय हैं। उनके पति की वर्ष 2021 में मृत्यु हो गई है। जीवनयापन का कोई सहारा नहीं है तथा वह अपनी बुजुर्ग सास के साथ रहती हैं। उन्होंने अंत्योदय राशन कार्ड बनवाए जाने का अनुरोध किया।

जिलाधिकारी ने उनकी समस्या सुनने के पश्चात उनकी असहाय स्थिति को देखते हुए भावुक होकर पूछा कि इसके अतिरिक्त और क्या सहायता की जा सकती है।

उन्होंने प्रोबेशन विभाग को निराश्रित महिला पेंशन तथा इनकी पुत्री को कन्या सुमंगला योजना का लाभ, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के लिए, जिला समाज कल्याण अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने, मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आयुष्मान कार्ड बनवाने तथा जिला पूर्ति अधिकारी को तत्काल अंत्योदय कार्ड जारी कराने के निर्देश दिए।

फरियादिनी के साथ आई उनकी पुत्री मानसी को नियमित विद्यालय भेजने के लिए भी प्रेरित किया तथा कहा कि बच्ची को पढ़ाएं और उसका भविष्य संवारें।

जनसुनवाई के दौरान ही थाना सुरौली अंतर्गत ग्राम विशुनपुरा निवासी दिव्यांग रविंद्र यादव ने इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल के लिए आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर जिलाधिकारी ने दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी को उन्हें इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को सभी अधिकारी गंभीरता से सुनें और उनका वास्तविक एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी प्रयास करें कि फरियादी निस्तारण से पूर्णतः संतुष्ट रहें।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story