खेत में पहुंचीं डीएम डॉ. अंकुर लाठर, धान की क्रॉप कटिंग कर परखी उत्पादकता

WhatsApp Channel Join Now
खेत में पहुंचीं डीएम डॉ. अंकुर लाठर, धान की क्रॉप कटिंग कर परखी उत्पादकता


याकूतगंज में फसल कटाई प्रयोग का लिया जायजा, सटीक आंकड़े दर्ज करने और पारदर्शिता बनाए रखने के दिए निर्देश

फर्रुखाबाद, 28 अक्तूबर (हि.स.)। कृषि उत्पादन का सटीक आकलन और आंकड़ों की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बुधवार को ग्राम याकूतगंज में धान की क्रॉप कटिंग कराकर उत्पादकता का जायजा लिया। तहसील सदर के परगना भोजपुर स्थित गाटा संख्या 1053 पर फसल कटाई प्रयोग के दौरान उन्होंने प्रक्रिया का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य कराने के निर्देश दिए।

क्रॉप कटिंग प्रयोग में निर्धारित क्षेत्रफल से प्राप्त धान की उपज का वजन किया गया। उपलब्ध अभिलेख के अनुसार, गाटा संख्या 1053 पर प्रयोग संख्या-01 में उपज का वजन 23.985 किलोग्राम दर्ज किया गया। इसके अतिरिक्त गाटा संख्या 476 पर प्रयोग संख्या-02 के तहत भी उत्पादकता का आकलन किया गया।

आंकड़ों की शुद्धता पर दिया जोर

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने निर्देश दिए कि क्रॉप कटिंग प्रयोग शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप और पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराए जाएं। फसल की कटाई, उपज के वजन और आंकड़ों के अभिलेखीकरण में विशेष सावधानी बरती जाए, ताकि धान की वास्तविक उत्पादकता के विश्वसनीय आंकड़े प्राप्त हो सकें।

उन्होंने कहा कि क्रॉप कटिंग कृषि उत्पादन का आकलन करने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसलिए संबंधित अधिकारी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी से कार्य करें तथा किसी भी स्तर पर आंकड़ों की शुद्धता से समझौता न होने दें।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर, अपर सांख्यिकी अधिकारी तथा राजस्व एवं कृषि विभाग के संबंधित अधिकारी और क्षेत्रीय कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768503 Articles

Share this story