बागपत जिलाधिकारी ने सुरक्षा कवच के लिए महिला कार्मिकों को वितरित किए अलार्म डिवाइस
बागपत, 10 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत में महिला सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने अलार्म डिवाइस वितरित किया। महिला सुरक्षा को सशक्त बनाने के लिए यह पहल शुरू की गई है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में महिला कार्मिकों को यह अलार्म आधारित सुरक्षा डिवाइस वितरित किया गया। डिवाइस दबने से तेज आवाज निकलती है।
जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने बयान जारी कर बताया कि यह डिवाइस आपात स्थिति में महिलाओं के लिए सुरक्षा कवच का काम करेगी। किसी भी खतरे की आशंका होने पर डिवाइस को सक्रिय करने से करीब दो मिनट तक 50 मीटर के दायरे में तेज आवाज गूंजेगी। इससे आस-पास मौजूद लोग तुरंत सतर्क होकर मदद के लिए पहुंच सकेंगे।
उन्होंने कहा कि यह योजना केवल शासकीय कार्यालयों तक सीमित नहीं रहेगी। भविष्य में स्कूल-कॉलेज की छात्राओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं, एएनएम और बाहर काम करने वाली महिलाओं को भी इस पहल से जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम में डिवाइस प्राप्त करने वाली महिला कर्मचारियों ने इस पहल के लिए प्रशासन का आभार जताया और इसे महिला सुरक्षा की दिशा में सराहनीय कदम बताया। प्रशासन का मानना है कि यह पहल महिलाओं को आत्मविश्वास और सुरक्षा का नया आधार प्रदान करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

