कोचिंग संस्थानों के औचक निरीक्षण में मिलीं खामियां, सुरक्षा मानकों पर सख्त हुए डीएम

WhatsApp Channel Join Now

जौनपुर, 23 जून (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में सोमवार को लखनऊ में हुए हादसे को देखते हुए जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने मंगलवार को शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों और अध्ययन केंद्रों का औचक निरीक्षण कर विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रवेश एवं निकास मार्ग, विद्युत सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा (फायर सेफ्टी) और आपातकालीन व्यवस्थाओं की गहन जांच की। सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने भारत लाइब्रेरी, दृष्टि आईएएस इंस्टीट्यूट और सक्सेस पाठशाला का निरीक्षण किया। दृष्टि आईएएस इंस्टीट्यूट में इलेक्ट्रिकल वायरिंग, इलेक्ट्रिकल कंट्रोल प्वाइंट और फायर अलार्म सहित कई सुरक्षा कमियां पाई गईं। साथ ही संस्थान का मुख्य प्रवेश मार्ग बेसमेंट से होकर तीसरी मंजिल तक जाता है, जिससे किसी आपात स्थिति में विद्यार्थियों की सुरक्षित निकासी कठिन हो सकती है।इन गंभीर कमियों पर चिंता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित संस्थान को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में अध्ययनरत छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी, लेकिन संस्थान से यह स्पष्ट करने को कहा जाएगा कि वह किस आधार पर संचालित हो रहा है तथा सुरक्षा मानकों का पालन कैसे सुनिश्चित किया गया है। प्राप्त स्पष्टीकरण और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।सक्सेस पाठशाला में फायर सेफ्टी संबंधी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। यहां दो निकास द्वार, आपातकालीन मार्ग तथा अग्निशमन उपकरण उपलब्ध मिले। फायर फाइटिंग सिस्टम का परीक्षण भी कराया गया, जिसमें सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से कार्य करती पाई गईं।वहीं भारत लाइब्रेरी में भी कुछ कमियां चिन्हित की गईं, जिसके लिए संचालकों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने सभी कोचिंग संस्थानों और अध्ययन केंद्रों को निर्देशित किया कि वे विद्युत एवं अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अग्निशामक यंत्रों का समय-समय पर नवीनीकरण कराया जाए तथा विद्युत आग की घटनाओं से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में सीओ-2 आधारित अग्निशामक यंत्र उपलब्ध रखे जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story