महोबा डीएम ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
महोबा डीएम ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा


महोबा, 02 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश केे महोबा जिले में जिलाधिकारी प्रभाष कुमार ने सोमवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्हाेंने यहां पर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का विस्तृत जानकारी ली।इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, छात्रावास, रसोईघर, भोजनालय एवं शौचालयों का निरीक्षण कर साफ-सफाई तथा व्यवस्थाओं की स्थिति का भी अवलोकन किया।

सोमवार को जनपद मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में औचक निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी प्रभास कुमार ने कक्षाओं में पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया। उनकी पढ़ाई, पाठ्यक्रम की प्रगति एवं शिक्षण की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने छात्राओं से विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर का आकलन किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों को छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने तथा समय-समय पर उनकी पढ़ाई का मूल्यांकन करते हुए शैक्षणिक स्तर में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्रावास में छात्राओं के रहने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। रसोईघर एवं भोजनालय का निरीक्षण करते हुए उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, पौष्टिकता एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्राओं को निर्धारित मेन्यू के अनुसार समय से गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने विद्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के साथ ही छात्राओं की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने और छात्राओं की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा एवं उनके सर्वांगीण विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रशासन को निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को तत्काल दूर करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाए जाने के निर्देश दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771213 Articles

Share this story