(अपडेट) औरैया : नदी में डूबकर किशोरों की मौत के मामले में डीएम ने की चार-चार लाख सहायता की घोषणा

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) औरैया : नदी में डूबकर किशोरों की मौत के मामले में डीएम ने की चार-चार लाख सहायता की घोषणा


औरैया, 26 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल क्षेत्र में सेंगर नदी में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों शवों को बरामद कर लिया गया है। इस घटना में जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने मृतकों के परिवेजनों के प्रति शोक संवेदना प्रकट करते हुए चार-चार लाख की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की घोषणा की है।

जानकारी के अनुसार सबलपुर के मजरा टीका का नगला निवासी हिमांशु (13) तथा बदनपुर निवासी नितिन (15) नदी में नहाने गए थे। नितिन रिश्तेदारी में गांव आया हुआ था। नहाते समय दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। काफी देर तक बाहर न आने पर आशंका होने पर तलाश शुरू की गई।

सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय पुलिस के साथ गोताखोरों को नदी में उतारा गया। बाद में एनडीआरएफ टीम ने भी सर्च ऑपरेशन चलाया। घंटों की मशक्कत के बाद दोनों किशोरों के शव नदी से खोज निकले गए। किशोरों के शव मिलने से गांव में मातम का माहौल छा गया।

इस घटना को लेकर जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने संवेदना प्रकट करते हुए दोनों मृतकों किशोरों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की घोषणा की है।

वहीं घटना की जानकारी मिलते ही समाजवादी पार्टी के विधायक प्रदीप यादव भी मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात कर सांत्वना प्रकट की। मामले में प्रशासन की ओर से अग्रिम आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story