त्रिलोचन महादेव धाम में व्यवस्थाओं में कमी मिलने पर डीएम-एसपी ने लगाई फटकार

WhatsApp Channel Join Now
त्रिलोचन महादेव धाम में व्यवस्थाओं में कमी मिलने पर डीएम-एसपी ने लगाई फटकार


त्रिलोचन महादेव धाम में व्यवस्थाओं में कमी मिलने पर डीएम-एसपी ने लगाई फटकार


जौनपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में सावन माह और कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने शुक्रवार को पौराणिक त्रिलोचन महादेव धाम का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान मंदिर परिसर में साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था में कमियां मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने कहा कि सावन और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने मंदिर परिसर की नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम की तैनाती तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान व्यवस्थाओं में लापरवाही पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी राम विलास को फटकार लगाते हुए कहा कि चिन्हित कमियों को तत्काल दूर किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को पूरी सतर्कता और अनुशासन के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन, यातायात संचालन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाएगी। निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने भगवान त्रिलोचन महादेव का विधिवत दर्शन-पूजन कर जनपद की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।

इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक गोल्डी गुप्ता, उपजिलाधिकारी आतिश कुमार, क्षेत्राधिकारी केराकत अजय राय, थाना प्रभारी जलालपुर सतेंद्र विक्रम सिंह, खंड विकास अधिकारी राम विलास, मंदिर संरक्षक सोनू गिरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story