महापर्व छठ को लेकर जौनपुर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने किया गोपी घाट समेत प्रमुख घाटों का निरीक्षण
जौनपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। बिहार से होते हुए पूर्वांचल तक पहुंचा लोक आस्था का महापर्व डाला छठ अब जनपद में भी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस पर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है और इसका समापन उगते हुए सुूर्य को अर्घ्य के साथ होता है। छठ पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर के प्रमुख घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने अपर जिलाधिकारी अजय अंबष्ट तथा नगर पालिका के अधिकारियों के साथ नगर के प्रमुख गोपी घाट, विसर्जन घाट और हनुमान घाट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने घाटों पर बेहतर साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी जरूरी इंतजाम समय से पूरा करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि छठ पर्व पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। सभी थानों की पुलिस फोर्स को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया जाएगा। इसके अतिरिक्त पीएसी की तैनाती भी की जाएगी। प्रमुख घाटों पर पुलिस बल के साथ निगरानी की व्यवस्था रहेगी। घाट क्षेत्र में पुलिस चौकी स्थापित करने के लिए भी प्रस्ताव भेजा जाएगा।
उन्होंने बताया कि पर्व के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से भी पर्व के दौरान प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

