गबन एवं अनियमितता बरतने पर सचिव निलंबित

WhatsApp Channel Join Now

सिद्धार्थनगर, 09 जून (हि.स.)। जिलाधिकारी ने खुनियांव ब्लाक में कार्ययरत ग्राम विकास अधिकारी मोईदुर्रह्मान को कई ग्राम पंचायतों में छह लाख ग्यारह हजार चार सौ छब्बीस रुपये गबन करने तथा अभिलेखों में अनियमितता बरतने के आरोप में निलंबित करने का निर्देश जिला विकास अधिकारी को दिया है।

इस संबंध में जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर शिवशनरप्पा जी एन ने मंगलवार काे बताया कि खुनियांव ब्लाक के सहायक विकास अधिकारी पंचायत द्वारा ब्लाक के ग्राम पंचायत खखरा- खखरी,बगहवा, सिरसिया, तथा तेलिया डीह का निरीक्षण करने के बाद अपनी आख्या जनपद पर भेजी गई। जिसमें उन्होंने ग्राम पंचायत खखरा -खखरी में आंगनवाडी केंद्र मरम्मत, डस्ट विन इंस्टालेशन के कार्य में अनियमितता बरतते हुए 292500 रुपये का गबन तत्कालीन सचिव मोईदुर्रह्मान द्वारा किया जाना पाया गया। इसके अलावा ग्राम पंचायत बगहवा में पंचायत भवन में चित्रकारी पर 69000 रुपये तथा डस्ट विन इंस्टालेशन पर 77600 रुपये की अनियमितता पाई गई। यह अनियमितता भी उक्त सचिव के कार्यकाल में हुआ है। ग्राम पंचायत सिरसिया में आंगनवाड़ी केंद्र मरम्मत में एमवी से अधिक धनराशि का भुगतान करते हुए 7111 रुपये का गबन एवं डस्ट विन इंस्टालेशन पर 77600 रुपये का गबन पाया गया। ये परियोजनाएं भी उन्हीं के कार्यकाल की हैं। इसके अलावा ग्राम पंचायत तेलिया डीह में ओपेन जिम निर्माण कार्य पर वित्तीय स्वीकृति लिए जाने से पूर्व 87615 रुपये आहरण कर लिया गया। वित्तीय स्वीकृति हेतु सहायक विकास अधिकारी पंचायत सक्षम अधिकारी थे। इनकी स्वीकृति के बगैर ही धनराशि का आचरण करते हुए धनराशि का गबन कर लिया गया है। इस प्रकार कुल 611426 रुपये का गबन पाये जाने के साथ ही अभिलेखों में कूट रचना तथा नियम विरुद्ध धनराशि आहरण हेतु ग्राम विकास अधिकारी मोईदुर्रह्मान प्रथम दृष्टया दोषी पाये गये। इस प्रकरण को गम्भीरता से लेते हुए उक्त ग्राम विकास अधिकारी को तत्काल निलंबित करने के लिए मंगलवार को जिला विकास अधिकारी को निर्देश दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलराम त्रिपाठी

Share this story