तीन दिसंबर को जिलों में काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन करेंगे दिव्यांग संगठन : वीरेंद्र कुमार

WhatsApp Channel Join Now
तीन दिसंबर को जिलों में काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन करेंगे दिव्यांग संगठन : वीरेंद्र कुमार


कानपुर, 29 नवंबर (हि.स.) दिव्यांगों को नौकरी, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा की शत-प्रतिशत गारंटी मिले। उनकी मासिक पेंशन कम से कम 15 हजार रुपये निर्धारित की जाए और राजनीतिक भागीदारी के लिए विधानसभा से लेकर पंचायतों तक आरक्षण दिया जाए। यह बातें रविवार को राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार ने कहीं।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी और दिव्यांग महागठबंधन ने पहले तीन दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर लखनऊ के हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर प्रदेशव्यापी प्रदर्शन करने का निर्णय लिया था। इसके लिए प्रदेशभर के दिव्यांग संगठनों को एकत्र होना था, लेकिन सभी संगठनों की ऑनलाइन बैठक में कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। अब लखनऊ में एकत्र होने के बजाय प्रत्येक जिले में काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

वीरेंद्र कुमार ने बताया कि तीन दिसंबर को कानपुर नगर में जिलाधिकारी के माध्यम से सरकार तक दिव्यांगों की मांगें पहुंचाई जाएंगी। प्रदर्शन के जरिए नौकरी, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा के साथ रोटी, कपड़ा व मकान की शत-प्रतिशत गारंटी सुनिश्चित करने के लिए सामाजिक समानता कानून बनाने की मांग उठाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि विधानसभा, लोकसभा, ग्राम पंचायत और नगर निकायों में दिव्यांगों को राजनीतिक भागीदारी के लिए आरक्षण मिलना चाहिए। सरकारी नौकरियों में निर्धारित आरक्षण कोटा पूरा किया जाए और चलन क्रिया से प्रभावित दिव्यांगों को भी सभी श्रेणियों की नौकरियों में अवसर दिया जाए। इसके अलावा दिव्यांगों की मासिक पेंशन कम से कम 15 हजार रुपये करने की मांग भी प्रदर्शन में प्रमुखता से उठाई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785535 Articles

Share this story