दिव्यांग बच्चों को समान अवसर मिलें, तभी उनका हुनर बनाएगा नई पहचान : विजय कपूर

WhatsApp Channel Join Now
दिव्यांग बच्चों को समान अवसर मिलें, तभी उनका हुनर बनाएगा नई पहचान : विजय कपूर


दिव्यांग बच्चों को समान अवसर मिलें, तभी उनका हुनर बनाएगा नई पहचान : विजय कपूर


कानपुर, 27 मई (हि.स.)। दिव्यांग बच्चे किसी से कम नहीं हैं। उन्हें समाज में बराबरी का अवसर और प्रोत्साहन मिलना चाहिए, ताकि वे अपने हुनर और आत्मविश्वास के दम पर नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकें। यह बातें बुधवार को वरिष्ठ समाजसेवी और मुख्य अतिथि विजय कपूर ने कहीं।

दिव्यांग डेवलपमेंट सोसाइटी की ओर से गैंजेस क्लब, आर्य नगर में प्रेरणादायक गीत “ना कोई कमी” का भव्य लॉन्च कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों के. डी. सिंह, विजय कपूर, संस्था के संरक्षक आई. एम. रोहतगी तथा जी. डी. गोयनका स्कूल की निदेशक ज्योति अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने मौजूद लोगों को भावुक कर दिया और पूरे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा।

इसके बाद गीत “ना कोई कमी” का औपचारिक लॉन्च किया गया। गीत की भावनात्मक प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को गहराई से प्रभावित किया। गीत के बोल और प्रस्तुति ने दिव्यांग बच्चों के संघर्ष, आत्मविश्वास और जीवन के प्रति सकारात्मक सोच को प्रभावी ढंग से सामने रखा। कार्यक्रम में मौजूद कई लोग भावुक नजर आए।

कार्यक्रम के दौरान वहां उपस्थित लोगों को एक विशेष वीडियो क्लिप भी दिखाई गई, जिसमें दिव्यांग बच्चों द्वारा बीते माह प्रेमानंद जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त करने के भावुक क्षणों को प्रदर्शित किया गया। वीडियो में बच्चों की मासूमियत और प्रतिभा ने सभी का मन मोह लिया, जिसे देखकर सभागार तालियों से गूंज उठा।

कार्यक्रम में बताया गया कि यह गीत केवल एक संगीत प्रस्तुति नहीं बल्कि समाज को संवेदनशील संदेश देने का प्रयास है, जिससे दिव्यांगजनों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो और उन्हें मुख्यधारा में आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिल सके। आयोजकों ने कहा कि समाज के सहयोग और प्रोत्साहन से दिव्यांग बच्चे हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।

गीत के निर्माण में डायरेक्टर ज्योति अग्रवाल, डायरेक्टर संजीबा, असिस्टेंट डायरेक्टर मनप्रीत कौर, गीतकार राजेश कुमार वर्मा तथा गायक रुद्रा की प्रमुख भूमिका रही। कार्यक्रम में राजीव अग्रवाल, प्रीति सेवानी, स्मृति धंधानिया, अर्चना अडवानी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। संचालन जयंती मिश्रा और आयशा हाशमी ने किया, जबकि अंत में संस्था की सचिव मनप्रीत कौर ने सभी अतिथियों और सहयोगकर्ताओं का आभार जताया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story