मतदाता सूची में एक भी पात्र नाम छूटा तो जिम्मेदारों की जवाबदेही तय, मंडलायुक्त ने कसा शिकंजा

WhatsApp Channel Join Now
मतदाता सूची में एक भी पात्र नाम छूटा तो जिम्मेदारों की जवाबदेही तय, मंडलायुक्त ने कसा शिकंजा


फर्रुखाबाद, 26 नवंबर (हि.स.)।

मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटना लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ अन्याय है। इसलिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को केवल कागजी औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए, बल्कि धरातल पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं से लेकर अब तक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित प्रत्येक पात्र नागरिक को अभियान से जोड़ा जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह कड़ा रुख गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान कानपुर मंडल के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने अपनाया।

मंडलायुक्त ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की प्रगति परखते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने में पूरी ताकत झोंक दें। कोई भी पात्र मतदाता आगामी निर्वाचन में अपने मताधिकार के प्रयोग से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए प्रशासनिक मशीनरी के साथ राजनीतिक दल भी पूरी सक्रियता और जिम्मेदारी से अपनी भूमिका निभाएं।

मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि, एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के साथ सभी ऐसे पात्र नागरिकों को चिह्नित किया जाए, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है। बीएलओ घर-घर पहुंचकर लोगों को आवेदन के लिए प्रेरित करें। प्राप्त फार्मों की जांच और डिजिटाइजेशन में अनावश्यक देरी न हो। प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

23.74 लाख मतदाताओं की जिम्मेदारी, कमजोर बूथों पर विशेष निगरानी

जनपद की चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में लगभग 23 लाख 74 हजार मतदाता चिन्हित हैं।

इतने बड़े मतदाता आधार को देखते हुए मंडलायुक्त ने पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतने की हिदायत दी। जिन क्षेत्रों और बूथों पर नए मतदाताओं के नाम शामिल कराने की प्रगति कमजोर है, वहां विशेष निगरानी के साथ अभियान को तेज किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित समीक्षा करने और निर्वाचन आयोग की निर्धारित समय-सारिणी का अक्षरशः पालन कराने के निर्देश दिए।

राजनीतिक दलों को भी सौंपी जिम्मेदारी, बीएलए के जरिए तलाशें छूटे मतदाता

बैठक में मौजूद मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मंडलायुक्त ने कहा कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को सक्रिय करें। बूथ स्तर पर पात्र मतदाताओं की पहचान कराएं और छूटे हुए नामों को सूची में शामिल कराने में प्रशासन का सहयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783732 Articles

Share this story