कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ कथा प्रारंभ
औरैया, 14 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद नगर के पाता चौराहा बाईपास स्थित अनुराग कोल्ड स्टोर में गुरुवार को भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ कथा का शुभारंभ हुआ। श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने पीत वस्त्र धारण कर सिर पर कलश रखकर भाग लिया।
कलश यात्रा कथा पंडाल से प्रारंभ होकर पाता चौराहा, ख्यालीदास तिराहा, चमनगंज तिराहा, महावीरधाम, बाबा का पूर्वा स्थित अस्थल मंदिर, बाईपास पाता तिराहा होते हुए पुनः कथा स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन-पूजन से हुई। इसके बाद कथा व्यास विश्व चेतन हरी महाराज ने श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मानव जीवन को सही उद्देश्य और दिशा प्रदान करती है। जहां भागवत कथा का आयोजन होता है, वहां सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और दुष्ट प्रवृत्तियों का नाश होता है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा को केवल सुनने तक सीमित न रखकर उसे अपने जीवन और व्यवहार में उतारने का आह्वान किया। महाराज जी ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा के श्रवण से जन्म-जन्मांतर के विकार समाप्त होते हैं तथा मनुष्य का लौकिक और आध्यात्मिक विकास होता है।
आयोजन के परीक्षित लक्ष्मी देवी एवं हरीश चंद्र स्वर्णकार ने नगर एवं क्षेत्र के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से कथा में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 10 बजे तक हवन-पूजन, दोपहर 1 बजे से 5 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा तथा रात्रि 7 बजे से 10 बजे तक रामकथा का आयोजन किया जाएगा। रामकथा का वाचन राम सेवक तिवारी द्वारा किया जाएगा।
इस अवसर पर रामजी सोनी, भरत सोनी, मुकेश सोनी, मोहन सोनी, लाल सेठ, आशीष पोरवाल, भाजपा जिला प्रतिनिधि राजेंद्र कुमार उर्फ रानू अग्निहोत्री, पूर्व सभासद प्रबल शर्मा, पवन पोरवाल, अंकित पोरवाल, सर्वेश पोरवाल, कुलदीप यादव, अनुपम वर्मा, अंगद सोनी, हृदेश सक्सेना, गोरे लाल प्रजापति सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

