जिला पंचायत बोर्ड बैठक में 144.47 करोड़ के पुनरीक्षित बजट पर मुहर, विकास योजनाओं पर चर्चा
जौनपुर, 21 फरवरी (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में शनिवार को जिला पंचायत बोर्ड की बैठक जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकला धनंजय सिंह की अध्यक्षता में हुई। सदन में पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की गई। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 15वें वित्त आयोग (टाइड एवं अनटाइड ग्रांट) तथा पंचम राज्य वित्त आयोग योजना की वार्षिक कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 144.47 करोड़ रुपये के पुनरीक्षित बजट तथा वर्ष 2026-27 के लिए 99.79 करोड़ रुपये के मूल बजट पर चर्चा कर आवश्यक प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक की शुरुआत अपर मुख्य अधिकारी अखिलेश कुमार ने किया। बैठक में जिला पंचायत द्वारा मानचित्र स्वीकृति की दरों में संशोधन, निर्माण कार्यों से सम्बंधित समितियों के प्रस्तावों तथा आईजीआरएस एवं तहसील दिवस के माध्यम से प्राप्त निर्माण कार्य प्रस्तावों पर भी विचार किया गया। अध्यक्ष की अनुमति से सदस्यों द्वारा प्रस्तुत अन्य प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए लाइसेंस शुल्क दरों में वृद्धि का प्रस्ताव पारित किया गया।
कुछ सदस्यों ने ग्रामीण क्षेत्रों में कराए गए विकास कार्यों की गुणवत्ता की सराहना की। विधान परिषद सदस्य बृजेश कुमार सिंह 'प्रिन्शु' ने जिला पंचायत के कार्यों को ‘बेहद संतोषजनक’ बताते हुए अध्यक्ष को बधाई दी। उन्होंने बताया कि हाल ही में विधानसभा में योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा लगभग 9 लाख करोड़ रुपये का बजट पारित किया गया है, जिसमें से 32 हजार करोड़ रुपये पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए आवंटित किए गए हैं। इसके तहत जनपद के सभी विकास खंडों में बारात घर तथा ग्राम पंचायत स्तर पर डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की योजना है।
इस अवसर पर बृजेश कुमार सिंह 'प्रिन्शु', प्रमुखगण, जिला पंचायत सदस्य, जिला विकास अधिकारी एवं उपायुक्त मनरेगा उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

