30 अक्टूबर तक सड़कें दुरुस्त न हुईं तो होगी कार्रवाई : जिलाधिकारी
कानपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। शहर की सड़कों की मरम्मत में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। क्षतिग्रस्त सड़कों को निर्धारित मानकों के अनुरूप समयसीमा में दुरुस्त कराया जाए। काम में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 30 अक्टूबर तक सभी चिह्नित स्थानों पर सड़क सुधार का काम पूरा नहीं होने पर शासन को कार्रवाई की संस्तुति भेजी जाएगी। यह बातें बुधवार देर रात जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कही।
जिलाधिकारी देर रात नगर आयुक्त और मुख्य विकास अधिकारी के साथ शहर में लोक निर्माण विभाग की ओर से कराए जा रहे सड़क सुधार और पैचवर्क कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की जांच की गई।
फूलबाग क्षेत्र में पनचक्की चौराहे के पास पैचवर्क की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं मिली। इस पर जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिशासी अभियंता को फटकार लगाई। उन्होंने सड़क के जिन हिस्सों को मरम्मत से छोड़ दिया गया है, उन्हें भी काम में शामिल करने और अगले दिन से कार्य शुरू कराकर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद अधिकारियों ने टाटमिल चौराहे के पास जीटी रोड का निरीक्षण किया। यहां फुटपाथ निर्माण को लेकर नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने फुटपाथ निर्माण नगर निगम से कराने और जरूरत पड़ने पर लोक निर्माण विभाग की ओर से अनापत्ति प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जीटी रोड पर अफीम कोठी की ओर बांके बिहारी धर्म कांटा के पास सड़क की हालत बेहद खराब मिली। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से अब तक मरम्मत नहीं होने का कारण पूछा। अधिकारियों ने बताया कि यहां गड्ढा मुक्ति अभियान के तहत डीबीएम से पैचवर्क कराया जा रहा है। इसके बाद डीएम बिटुमिनस की परत बिछाई जाएगी। सड़क की लंबे समय से खराब स्थिति और मरम्मत के संबंध में भ्रामक जानकारी दिए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने सभी चिह्नित स्थानों पर समयसीमा के भीतर काम पूरा कराने और नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

