आईटीआई में गंदगी देख जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्य काे लगाई फटकार

WhatsApp Channel Join Now
आईटीआई में गंदगी देख जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्य काे लगाई फटकार


छात्र संख्या नहीं बता पाए प्रभारी प्रधानाचार्य

हमीरपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर कस्बे में मंगलवार शाम जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने एसडीएम सदर अभिषेक कुमार के साथ हाईवे किनारे स्थित आईटीआई का औचक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक पहुंचने से संस्थान के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान परिसर में जगह-जगह गंदगी का अंबार मिलने पर जिलाधिकारी ने प्रभारी प्रधानाचार्य शैलेंद्र कुमार को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने तत्काल परिसर की साफ-सफाई कराने और संस्थान में स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।इसके बाद डीएम ने आईटीआई में अध्ययनरत छात्रों की संख्या की जानकारी मांगी। बताया गया कि प्रभारी प्रधानाचार्य मौके पर छात्रों की सही संख्या नहीं बता सके। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने संस्थान की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने, छात्रों से जुड़ी जानकारी अद्यतन रखने और परिसर में साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान डीएम ने संस्थान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story