बार एवं बेंच के बीच बेहतर समन्वय से ही फरियादियों को मिलेगा प्रभावी न्याय : जिलाधिकारी
देवरिया, 14 मई (हि.स.)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गुरुवार काे कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्ट्रेट एवं दीवानी के बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं के साथ परिचयात्मक बैठक आहूत की। बैठक में उन्होंने अधिवक्ताओं से संवाद करते हुए न्यायिक एवं राजस्व संबंधी व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने पर चर्चा की।
जिलाधिकारी ने कहा कि बार एवं बेंच के बीच बेहतर समन्वय एवं निरंतर संवाद की स्थिति से ही फरियादियों को त्वरित एवं प्रभावी न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि न्यायालयों का नियमित संचालन होने पर ही सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे तथा अधिक से अधिक लोगों को समयबद्ध न्याय मिल सकेगा।
बैठक के दौरान अधिवक्ताओं द्वारा विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि कुछ समस्याओं का समाधान तात्कालिक रूप से कराया जा सकता है। उन्होंने शौचालय, रिकॉर्ड रूम एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं में शीघ्र सुधार लाने का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी ने राजस्व वादों के निस्तारण में हो रहे विलंब के संबंध में कहा कि लंबित मामलों की सूची तैयार कर उनका नियमित अनुश्रवण कराया जाएगा, जिससे शीघ्र ही सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं के साथ सम्मानजनक एवं विनम्र व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। अधिवक्ता न्याय दिलाने की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और बार एवं बेंच एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। दोनों के बीच बेहतर समन्वय एवं संवाद बना रहेगा तो जनपद में न्याय व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
बैठक में अधिवक्ताओं द्वारा राजस्व न्यायालयों में राजस्व कर्मियों द्वारा रिपोर्ट दाखिल करने में विलंब, अधिवक्ताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार, पोस्ट ऑफिस भवन के जीर्णोद्धार, पेयजल एवं गैस सहित विभिन्न समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा गया। जिलाधिकारी ने इन समस्याओं के समाधान हेतु प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी वी.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रामशंकर, डीजीसी नवनीत मालवीय उपस्थित रहे।
बैठक में अधिवक्ताओं में प्रमुख रूप से प्रीतम मिश्र, मनोज मिश्रा, सिंहासन गिरी, अर्जुन यादव, प्रियंका त्रिपाठी, दिनेश त्रिपाठी, रामनगीना यादव, शबाना खातून, शिवशंकर शर्मा, जयदीप गुप्ता, ओमप्रकाश मिश्रा, शक्तिधर पाण्डेय, गिरीश शाही, रामानुज शुक्ला, सुशील मिश्रा, संत शरण त्रिपाठी, संदीप मिश्रा, राकेश कुमार मिश्रा सहित अन्य अधिवक्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

