पैचवर्क में देरी पर जिलाधिकारी नाराज, रात में ही गड्ढे भरने और काम पूरा करने के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
पैचवर्क में देरी पर जिलाधिकारी नाराज, रात में ही गड्ढे भरने और काम पूरा करने के दिए निर्देश


पैचवर्क में देरी पर जिलाधिकारी नाराज, रात में ही गड्ढे भरने और काम पूरा करने के दिए निर्देश


कानपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। सड़कों के गड्ढे भरने और पैचवर्क में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी लंबित कार्य प्राथमिकता के आधार पर समय से पूरे किए जाएं और कराए गए काम की गुणवत्ता की जांच भी हो। यह निर्देश मंगलवार रात जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने मुख्य विकास अधिकारी और नगर आयुक्त के साथ किए गए संयुक्त निरीक्षण के दौरान दिए। उन्होंने सड़कों पर गड्ढे मिलने और निर्माण कार्यों में देरी पर नाराजगी जताई।

जिलाधिकारी ने जोन-दो के कृष्णा नगर में पैचवर्क कार्यों का निरीक्षण किया। यहां अधिकांश सड़कों पर गड्ढे मिलने पर उन्होंने असंतोष जताया। अधिकारियों को शेष कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। जोन-दो में कुल 186 पैचवर्क कार्य प्रस्तावित हैं, जिनमें से 56 पूरे कराए जा चुके हैं। इन सभी 56 कार्यों का जिलाधिकारी स्तर से सत्यापन कराया जाएगा और गुणवत्ता की जांच होगी।

इसके बाद फूलबाग मल्टीलेवल पार्किंग के पास लोक निर्माण विभाग के कार्य का निरीक्षण किया गया। काम में देरी मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। मौके पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनूप मिश्रा मौजूद रहे।

पनचक्की चौराहे के पास लोक निर्माण विभाग और जलकल विभाग के कार्यों की भी जांच की गई। यहां सड़क के एक हिस्से में पैचवर्क अधूरा छोड़े जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि काम मंगलवार रात ही हर हाल में पूरा कराया जाए। आसपास के संपर्क मार्गों पर गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों को चिह्नित कर तत्काल पैचवर्क कराने को भी कहा।

जलकल विभाग की ओर से पनचक्की चौराहे के पास खोदे गए गड्ढे पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। मौके पर मौजूद जलकल महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी को निर्देश दिया कि गड्ढे को रात में ही भरवाकर सड़क को आवागमन और आगामी निर्माण कार्य के लिए बाधारहित बनाया जाए। सभी संबंधित विभागों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि उनके लंबित कार्यों से सड़क निर्माण और पैचवर्क में बाधा न आए।

बुधवार को संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें नगर निगम के सभी जोनल अभियंताओं को अपने क्षेत्र में कुल, प्रगतिरत और लंबित पैचवर्क कार्यों का अद्यतन विवरण लेकर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को भी कार्यों की प्रगति और आवश्यक आंकड़ों के साथ विवरण तैयार कर बैठक में शामिल होने को कहा गया है। बैठक में लंबित कार्यों की समीक्षा कर उन्हें समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760396 Articles

Share this story