राज्य स्तरीय समन्वय जूनियर बालक-बालिका तैराकी प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन ट्रायल शुक्रवार को
मुरादाबाद, 25 जून (हि.स.)। खेल विभाग एवं प्रदेशीय खेल संघ के समन्वय से आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय समन्वय जूनियर बालक-बालिका तैराकी प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन ट्रायल शुक्रवार से आयोजित किए जाएंगे।
क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने आज बताया कि मंडल स्तरीय चयन ट्रायल 27 जून को होगा, जबकि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 3 से 5 जुलाई तक लखनऊ स्थित केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग (17-18 वर्ष) के लिए वर्ष 2008 एवं 2009 में जन्मे तथा जूनियर वर्ग (15-16 वर्ष) के लिए वर्ष 2010 एवं 2011 में जन्मे बालक-बालिकाएं भाग ले सकेंगे। तैराकी प्रतियोगिता में फ्री स्टाइल, बैक स्ट्रोक, बटरफ्लाई स्ट्रोक, ब्रेस्ट स्ट्रोक, व्यक्तिगत मेडले, फ्री स्टाइल रिले तथा मेडले रिले की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित होंगी। प्रत्येक खिलाड़ी अधिकतम पांच स्पर्धाओं में भाग ले सकेगा। चयन ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अपना आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा।
क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार सिंह के अनुसार चयनित खिलाड़ियों की टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मुरादाबाद मंडल का प्रतिनिधित्व करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

