देवरिया में बाल तस्करी रोकथाम को लेकर जिला स्तरीय बैठक में की गई समीक्षा
देवरिया, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में बाल तस्करी रोकथाम को लेकर बुधवार को जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
एनआईसी कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में मानव तस्करी, विशेषकर बाल तस्करी की रोकथाम को लेकर जिला स्तरीय रिव्यू कमेटी की अंतरविभागीय समीक्षा की गई। यह बैठक सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया के पिंकी बनाम उत्तर प्रदेश राज्य प्रकरण में पारित आदेश के अनुपालन में आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी ने की। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सदस्य सचिव ने जनपद में बाल तस्करी रोकने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने विशेष रूप से एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) पुलिस और श्रम विभाग को अधिक सतर्क रहने और नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए।
अध्यक्षता कर रहे मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि इस गंभीर विषय पर नियमित अंतरविभागीय बैठकों में चर्चा की जाए और जनजागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि बाल तस्करी जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
बैठक में संयुक्त निदेशक अभियोजन के प्रतिनिधि, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तर) के प्रतिनिधि, क्षेत्राधिकारी नगर, मुख्य चिकित्साधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, समाज कल्याण विभाग के प्रतिनिधि, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा राजकीय बाल गृह (बालक) देवरिया के मनोवैज्ञानिक राम कृपाल भी मौजूद रहे।
बैठक का संचालन जिला परिवीक्षा अधिकारी अनिल कुमार सोनकर तथा संरक्षण अधिकारी जिला बाल संरक्षण इकाई जय प्रकाश तिवारी ने संयुक्त रूप से किया गया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

