जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का किया औचक निरीक्षण*

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का किया औचक निरीक्षण*


फर्रुखाबाद, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री आरोग्य मेले की व्यवस्थाओं एवं प्रगति का जायजा लेने के लिए रविवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भोलेपुर में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केन्द्रों पर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, ओपीडी, टीकाकरण एवं मरीजों को प्रदान की जा रही अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया । इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक, फार्मासिस्ट एवं स्वास्थ्य केन्द्र पर तैनात अन्य स्टाफ उपस्थित पाया गया। स्वास्थ्य केन्द्र पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के अंतर्गत ओपीडी, टीकाकरण तथा उपचार संबंधी अन्य गतिविधियां व्यवस्थित रूप से संचालित होती पाई गईं। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केन्द्र पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित सभी स्वास्थ्य इकाइयों पर नियमित रूप से कीटनाशक दवाओं का छिड़काव सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि मच्छरों एवं अन्य रोगवाहक कीटों के प्रजनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना आवश्यक है, जिससे आमजन को लार्वाजनित बीमारियों सहित अन्य संक्रामक रोगों से सुरक्षित रखा जा सके। इसके साथ ही स्वास्थ्य केन्द्रों के आसपास साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा संबंधित क्षेत्रों में स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा आमजन को नियमित टीकाकरण, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के महत्व के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए समयबद्ध एवं प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता भी अत्यंत आवश्यक है। इस दिशा में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करें।

इसके उपरांत जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भोलेपुर में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का निरीक्षण किया गया। यहां भी ओपीडी, टीकाकरण एवं उपचार संबंधी अन्य गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित होती पाई गईं। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केन्द्र पर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लेते हुए मरीजों को प्रदान की जा रही सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केन्द्र पर उपस्थित प्रसूताओं से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता, उपचार की सुविधा तथा स्वास्थ्य केन्द्र पर मिलने वाली सहायता के संबंध में जानकारी ली। उपस्थित प्रसूताओं द्वारा स्वास्थ्य केन्द्र पर उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सेवाओं को संतोषजनक बताया गया। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने तथा मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर बल दिया।

जिलाधिकारी ने संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का लाभ अधिक से अधिक पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाए। मेले में आने वाले मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श, जांच, उपचार एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ सुगमता से प्रदान किया जाए। साथ ही गर्भवती महिलाओं, प्रसूताओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य से संबंधित सेवाओं पर विशेष ध्यान देते हुए स्वास्थ्य केन्द्रों पर व्यवस्थाएं प्रभावी बनाए रखी जाएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेला आमजन को उनके निकट ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य लोगों को समय पर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराना तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ जनसामान्य तक पहुंचाने, स्वास्थ्य केन्द्रों पर व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने तथा संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए निरंतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, नियमित टीकाकरण, स्वच्छता एवं रोगों की रोकथाम से संबंधित व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी बनाए रखा जाए, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766505 Articles

Share this story