कन्नौज : डिस्कवर योर रूट के तहत आयाेजित हुआ भव्य सांस्कृतिक एवं वैचारिक कार्यक्रम
कन्नौज:- डिस्कवर योर रूट , रोमा समुदाय के लिए विशेष कार्यक्रम का भव्य आयोजन
कन्नौज , 26 मार्च (हि. स.)। प्रदेश सरकार के नव निर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने तथा ‘अपनी जड़ों को खोजें (Discover Your Roots)–2026’ अभियान के अंतर्गत आज शाम रोमा अंतरराष्ट्रीय समुदाय स्मारक, मुक्ता काशी मंच एवं राजकीय पुरातत्व संग्रहालय परिसर, कन्नौज में एक भव्य सांस्कृतिक एवं वैचारिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण की गरिमामय उपस्थिति रही। उन्होंने सूचना विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन कर सराहना व्यक्त की।
कार्यक्रम में रोमा समुदाय की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। झांसी से पधारे कलाकार निशांत सिंह भदौरिया द्वारा प्रस्तुत राई नृत्य ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कवयित्री अंकिता सिंह (गया, बिहार) एवं कवि कुमार विवेक (कन्नौज) ने काव्य पाठ के माध्यम से सांस्कृतिक भावभूमि को अभिव्यक्त किया।
रोमा अध्ययन केंद्र, अंतरराष्ट्रीय सहयोग परिषद, दिल्ली के अध्येता जमीर अनवर ने रोमा समुदाय के इतिहास, संस्कृति और वैश्विक पहचान पर विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किया तथा रोमा समुदाय से डिजिटल संवाद भी स्थापित किया।
शोधपरक सत्र में जे०एन०यू० के शोधार्थी राम सिंह ने ‘यूरोप में रोमा नागरिक अधिकार’ विषय पर शोध पत्र प्रस्तुत किया।
आई०सी०एस०एस०आर० फेलो हॉ० रिमझिम सिक्खा ने रोमा संस्कृति पर तथा डॉ० रजनी सरीन, रोमा अध्ययन केंद्र, दिल्ली ने रोमा समुदाय के सामाजिक-सांस्कृतिक आयामों पर अपने विचार रखते हुए कहा कि रोमा समुदाय मूलतः घुमंतू परंपरा से जुड़ा रहा है और आज यूरोप में इनकी आबादी लगभग डेढ़ करोड़ है। संगीत और नृत्य इनके जीवन का अभिन्न अंग है। उनकी वेशभूषा, बोलचाल के कई शब्द तथा सांस्कृतिक परंपराएं भारतीय बंजारा समुदाय से साम्यता रखती हैं। ‘डैड’, ‘फेच’ जैसे शब्दों का प्रयोग तथा ‘बाल’ शब्द की समानता भारतीय भाषाई संबंधों की ओर संकेत करती है। रोमा समुदाय की ऐतिहासिक स्मृतियों के प्रतीक स्वरूप कन्नौज में स्मारक की स्थापना पर प्रसन्नता व्यक्त की गई।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कन्नौज की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर को रोमा समुदाय के वैश्विक इतिहास से जोड़ना जनपद के लिए गौरव का विषय है। ऐसे आयोजन जनमानस को अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं और सांस्कृतिक संवाद को सशक्त बनाते हैं।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, पार्टी जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) देवेन्द्र सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुश्री वैशाली, जिला विकास अधिकारी नरेंद्र देव द्विवेदी सहित अन्य अधिकारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा

