लोकतंत्र की मजबूत कड़ी हैं स्मॉल एंड मीडियम न्यूजपेपर : शोएब अहमद

WhatsApp Channel Join Now
लोकतंत्र की मजबूत कड़ी हैं स्मॉल एंड मीडियम न्यूजपेपर : शोएब अहमद


गोरखपुर, 22 मार्च (हि.स.)। ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम न्यूजपेपर फेडरेशन (नई दिल्ली) के तत्वावधान में गोरखपुर स्थित मंडलीय कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष शोएब अहमद ने की, जिसमें गोरखपुर सहित आसपास के जिलों के स्मॉल और मीडियम न्यूजपेपर संचालकों, संपादकों, ब्यूरो प्रमुखों एवं पत्रकारों ने भाग लिया।

बैठक में समाचार पत्रों से जुड़े विभिन्न कानूनी मुद्दों, प्रशासनिक चुनौतियों और संचालन से संबंधित समस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने अपने-अपने अनुभव साझा करते हुए छोटे और मध्यम वर्ग के अखबारों के सामने आने वाली दिक्कतों को रखा। इस दौरान संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा सामूहिक रूप से समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य करने पर जोर दिया गया।

प्रदेश अध्यक्ष शोएब अहमद ने कहा कि स्मॉल और मीडियम न्यूजपेपर लोकतंत्र की मजबूत कड़ी हैं, लेकिन उन्हें कई स्तरों पर चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में संगठन के माध्यम से एकजुट होकर अपनी आवाज को प्रभावी ढंग से उठाना जरूरी है। उन्होंने अधिक से अधिक समाचार पत्र संचालकों से फेडरेशन से जुड़ने की अपील की।

बैठक के उपरांत होली एवं ईद मिलन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी धर्मों के लोगों ने भाग लेकर आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने सेवई, गुजिया और चैत्र रामनवमी के अवसर पर फलाहारी प्रसाद ग्रहण कर एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में यह भी निर्णय लिया गया कि जल्द ही संगठन की रूपरेखा को और विस्तृत किया जाएगा तथा मंडल स्तर पर नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिल सके।

इस अवसर पर संजय त्रिपाठी, डॉ. प्रेम नारायण भट्ट, उमेश मिश्रा, राशिद नूर, अरविंद वर्मा, मुर्तुजा हुसैन, जवाहरलाल निगम, हरेंद्र दुबे, नाशिम, इमरान, इकबाल सहित बड़ी संख्या में स्मॉल और मीडियम न्यूजपेपर के संचालक एवं पत्रकार उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story