अनुशासन से ही बनता है श्रेष्ठ व्यक्तित्व : कुलपति प्रो. वंदना सिंह
जौनपुर,04 अगस्त (हि.स.)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगड़ी विधि संस्थान में बीए-एलएलबी (ऑनर्स) प्रथम सेमेस्टर के नव प्रवेशी विद्यार्थियों के लिए आयोजित तीन दिवसीय इंडक्शन प्रोग्राम का शुभारंभ मंगलवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वंदना सिंह एवं अन्य अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।
इनडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि अनुशासन ही विद्यार्थी जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। अनुशासित विद्यार्थी ही अपने ज्ञान, व्यक्तित्व और चरित्र का समुचित विकास कर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय के नियमों का पालन करते हुए अध्ययन, शोध, खेलकूद तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विधि शिक्षा केवल कानून का अध्ययन नहीं, बल्कि न्याय, नैतिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति संवेदनशील नागरिक बनने की प्रक्रिया है।
संस्थान में आयोजित प्रथम तकनीकी सत्र में डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर ने साइबर सुरक्षा विषय पर व्याख्यान देते हुए विद्यार्थियों को डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन में बरती जाने वाली सावधानियों, व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा तथा साइबर अपराध की रिपोर्टिंग की प्रक्रिया की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि युवा स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार को भी साइबर अपराधियों से सुरक्षित रखने में अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाएं। विधि के विद्यार्थियों को साइबर अपराधों की प्रकृति और कानूनी पहलुओं को गहराई से समझने की आवश्यकता है।
द्वितीय सत्र में आयोजित हैप्पीनेस एवं मेडिटेशन कार्यक्रम के अंतर्गत आनंद राय ने योग, मेडिटेशन तथा प्रेरणादायक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, मानसिक एकाग्रता एवं तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस कार्यक्रम में बीए एलएलबी (ऑनर्स) के साथ-साथ बीएससी एग्रीकल्चर एवं बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स (बीपीईएस) के नवप्रवेशी विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत डॉ. वनिता सिंह ने किया। विभागाध्यक्ष एवं निदेशक प्रो. विनोद कुमार ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. प्रियंका कुमारी, जय सिंह एवं रजनीश सिंह का विशेष सहयोग रहा तथा संचालन डॉ.अनुराग मिश्र ने किया।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

