गंगोत्री देवी महाविद्यालय में एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर का भव्य शुभारंभ, सेवा और सामाजिक चेतना का सशक्त संदेश

WhatsApp Channel Join Now

गोरखपुर, 19 मार्च (हि.स.)। गंगोत्री देवी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ अत्यंत गरिमामय, प्रेरणादायी एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंध निदेशक इंजी. आशुतोष मिश्र ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का विधिवत उद्घाटन किया।

उद्घाटन अवसर पर अपने प्रेरक उद्बोधन में इंजी. आशुतोष मिश्र ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल एक शैक्षणिक गतिविधि नहीं, बल्कि यह युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा ही वह आधार है, जो व्यक्ति को महान बनाती है और समाज को सशक्त करती है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे इस सात दिवसीय शिविर को आत्मविकास, सामाजिक उत्तरदायित्व और नेतृत्व क्षमता के विकास का अवसर मानते हुए पूर्ण समर्पण के साथ सहभागिता करें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. गौरी पांडेय ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना छात्राओं में अनुशासन, संवेदनशीलता और सामाजिक चेतना का विकास करती है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि शिक्षा तभी सार्थक होती है, जब वह समाज के कल्याण में योगदान दे। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे शिविर के माध्यम से समाज के वास्तविक स्वरूप को समझें और उसमें सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लें।

कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रत्या उपाध्याय एवं डॉ. प्रियंका त्रिपाठी ने शिविर की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए बताया कि सात दिनों तक विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता से संबंधित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत छात्राएं गाँवों एवं आस-पास के क्षेत्रों में जाकर स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जागरूकता, शिक्षा प्रसार, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर जनजागरूकता फैलाने का कार्य करेंगी।

इस अवसर पर महाविद्यालय की संरक्षिका श्रीमती रीना त्रिपाठी का विशेष मार्गदर्शन एवं प्रेरणा भी उल्लेखनीय रही, जिनकी सतत प्रेरणा से महाविद्यालय में इस प्रकार के सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित होते रहते हैं। शिविर के उद्घाटन अवसर पर महाविद्यालय परिसर उत्साह, ऊर्जा और सेवा भावना से ओतप्रोत दिखाई दिया। छात्राओं में समाज सेवा के प्रति विशेष उत्सुकता एवं प्रतिबद्धता देखने को मिली, जो इस शिविर की सफलता का संकेत है। इस अवसर पर डॉ. संगीता पांडेय, डॉ. सुषमा मिश्रा, डॉ. शीला त्रिपाठी, डॉ. अर्पिता, डॉ. सीमा श्रीवास्तव, डॉ. रेनू गौर, डॉ. कुमुद त्रिपाठी, तृप्ति सिंह, शिवांगी त्रिपाठी एवं प्रिया श्रीवास्तव, विकास गुप्ता आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story