दिव्यांगों की समस्याओं के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर कराया जाएगा समाधान : वीरेन्द्र कुमार
कानपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। दिव्यांगजनों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित किया जाएगा। किसी भी दिव्यांग को अपनी समस्या के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़े, इसके लिए राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी लगातार प्रयास कर रही है। यह बातें रविवार को राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने समस्या समाधान शिविर के दौरान कहीं।
राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी की ओर से शास्त्री नगर स्थित एक पार्क में दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से शिविर आयोजित किया गया। शिविर में शहर के साथ-साथ दूरदराज क्षेत्रों से आए दिव्यांगजनों ने अपनी विभिन्न समस्याएं दर्ज कराईं। सबसे अधिक शिकायतें दिव्यांग उत्पीड़न, दिव्यांग पेंशन, स्वरोजगार के लिए ऋण, आवास, आय प्रमाण पत्र तथा रेलवे यूनिक कार्ड नहीं बनने से संबंधित रहीं।
शिविर के दौरान कई मामलों में तत्काल संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर कार्रवाई कराने का प्रयास किया गया। नेत्रहीन मोहम्मद आमिर घोसी ने पड़ोसियों द्वारा उत्पीड़न किए जाने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर उन्हें संबंधित थाने भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराई गई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों को संबंधित विभागों के समक्ष उठाकर उनके शीघ्र निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी दिव्यांग व्यक्ति को किसी प्रकार की समस्या हो तो वह राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है, ताकि उसके समाधान के लिए आवश्यक पहल की जा सके।
शिविर में राहुल कुमार, अल्पना कुमारी, अरविन्द सिंह, गुड्डी दीक्षित, वैभव दीक्षित, गोमती वर्मा, गौरव कुमार, रंजीत कुमार, राम जानकी, ओम प्रकाश दास सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

