दिव्यांगों को अधिकार पाने के लिए वोट बैंक की ताकत दिखानी होगी : वीरेन्द्र कुमार

WhatsApp Channel Join Now
दिव्यांगों को अधिकार पाने के लिए वोट बैंक की ताकत दिखानी होगी : वीरेन्द्र कुमार


कानपुर, 24 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में दिव्यांग समाज की राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने और प्रदेश स्तर पर संगठन विस्तार को लेकर अहम निर्णय लिए गए। तय किया गया कि दिव्यांग, किन्नर, वृद्ध, विधवा महिलाओं और युवाओं को राजनीतिक रूप से संगठित कर उनकी आवाज को मजबूत बनाया जाएगा। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रत्याशी उतरने और उनके चयन की प्रक्रिया शुरू करने पर भी सहमति बनी।

बैठक में यह भी कहा गया कि अधिकारों की लड़ाई को मजबूत बनाने के लिए दिव्यांग समाज को अपने वोट बैंक की ताकत दिखानी होगी। यह जानकारी रविवार को राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने कहीं।

शास्त्री नगर स्थित सेन्ट्रल पार्क में आयोजित बैठक का संचालन प्रदेश अध्यक्ष आनन्द तिवारी ने किया, जबकि स्वागत जिलाध्यक्ष राहुल कुमार और महिला मोर्चा अध्यक्ष अल्पना कुमारी ने किया। बैठक में एक जुलाई को प्रदेश स्तरीय अधिवेशन आयोजित कर प्रदेश कार्यकारिणी के विस्तार का निर्णय लिया गया। इसके अलावा नौ जून से कानपुर से लखनऊ तक प्रस्तावित शांति मार्च पदयात्रा की विस्तृत रूपरेखा भी तय की गई।

उन्होंने बताया कि पदयात्रा शास्त्री नगर से शुरू होकर पाण्डु नगर, जेके मंदिर, हैलट ओवरब्रिज, स्वरूप नगर, तिलक नगर, वीआईपी रोड और फूलबाग होते हुए शुक्लागंज पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा उन्नाव, नवाबगंज, सोहरामऊ, अमौसी और आलमबाग होते हुए 15 जून को मुख्यमंत्री आवास की ओर प्रस्थान करेगी।

बैठक में यह भी तय किया गया कि 15 जून को लखनऊ में प्रदेशभर के संगठनों को आमंत्रित कर व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि यदि यात्रा को कहीं रोका जाता है तो दूसरी टीम आगे बढ़कर कार्यक्रम जारी रखेगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने सदस्यता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने के निर्देश दिए।

प्रदेश अध्यक्ष आनन्द तिवारी ने कहा कि अधिवेशन के बाद संगठन का विस्तार करते हुए विधानसभा चुनाव के लिए संभावित प्रत्याशियों के नाम राष्ट्रीय कार्यकारिणी को भेजे जाएंगे।

बैठक में अशोक कुमार, अरविन्द सिंह, गुड्डी दीक्षित, वैभव दीक्षित, गोमती वर्मा, राम जानकी, गौरव कुमार और रंजीत कुमार समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story