त्योहारों पर साफ-सफाई और व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
कानपुर, 18 मार्च (हि.स.)। नवरात्र, रामनवमी और ईद को देखते हुए मंदिरों, मस्जिदों व ईदगाहों के आसपास साफ-सफाई, पेयजल, सीवर ढक्कन, नालियों की ढकान और पहुंच मार्ग पूरी तरह दुरुस्त रहें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। यह बातें बुधवार को महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने समीक्षा बैठक में कहीं।
नगर निगम मुख्यालय स्थित समिति कक्ष में महापौर और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई, जिसमें सभी जोनों में धार्मिक स्थलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि शहर के प्रमुख मंदिरों, मस्जिदों और ईदगाहों में साफ-सफाई के लिए कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है।
महापौर ने विशेष रूप से बारा देवी मंदिर की व्यवस्थाओं पर जोर देते हुए कहा कि यहां बाहरी जनपदों से भी श्रद्धालु आते हैं, इसलिए साफ-सफाई, दुकानों का व्यवस्थित संचालन और पहुंच मार्गों की स्थिति बेहतर रखी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि कहीं भी सीवर के खुले मेनहोल न हों और नालियां पटियों से ढकी रहें, ताकि दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंदिरों के आसपास पानी, शौचालय, परिक्रमा मार्ग की सफाई और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही मंदिरों में चढ़ने वाले फूलों और पूजा सामग्री के नियमित निस्तारण तथा नालियों में इनके बहाव को रोकने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य शिफ्ट में कराया जाए और कर्मचारियों की उपस्थिति का मौके पर सत्यापन किया जाए।
महाप्रबंधक जलकल आनंद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि नवरात्र के दौरान भंडारा स्थलों और ईद पर 16 स्थानों पर पानी के टैंकर की व्यवस्था की जाएगी।
बैठक में अपर नगर आयुक्त, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी, अभियंत्रण विभाग के अधिकारी और सभी जोनों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

